फाइल्स और फोल्डर Files or Folder
फाइल्स (Files) : फाइले सेकेण्डरी मैमोरी पर स्टोर डेटा का संग्रह होता है। Windows में, फाइले डेटा स्टोर करने की बुनियादी इकाई है। उपयोगकर्ता द्वारा एक फाइल या दस्तावेज को दिया गया नाम फाइल नेम (File Name) होता है। सभी फाइलें, फाइल एक्सटेंशन से प्रदर्शित की जाती हैं। फाइल एक्सटेशन का प्रयोग फाइल की पहचान करने के लिए किया जाता है।
फोल्डर (Folder) : फोल्डर, डिजिटल फाइल सिस्टम में एक आभासी कण्टेनर है, जिसमें फाइलों और अन्य फोल्डर के समूहों को रखा तथा आयोजित किया जाता है। एक फोल्डर के अन्दर कई सारे सब फोल्डर बनाए जा सकते हैं जो कई फाइलों तथा अन्य सब-फोल्डरों को संगृहीत करने में सक्षम होते हैं। उपयोगकर्ता अपनी फाइलों तथा फोल्डरों को एक्सेस करने तथा उनको व्यवस्थित करने के लिए विभिन्न लाइब्रेरियो (Libraries) का भी प्रयोग कर सकता है।
डेस्कटॉप पर नया फोल्डर बनाना Creating New Folder on Desktop
डेस्कटॉप विण्डोज़ का एक विशेष फोल्डर होता है। डेस्कटॉप पर नया फोल्डर बनाने के लिए निम्नलिखित क्रियाएँ होती हैं -
- अपने डेस्कटॉप के किसी रिक्त स्थान पर माउस के दाएं बटन से क्लिक कीजिए। इससे स्क्रीन पर एक पॉप-अप मेन्यू ( Pop-up Menu) दिखाई देगा।
- इस मेन्यू में New विकल्प को क्लिक कीजिए। ऐसा करते ही इस विकल्प का कास्केडिंग मेन्यू (Cascading Menu) या सब-मेन्यू (Sub-Menu) निम्न चित्र की तरह दिखाई देगा
- इस मेन्यू सूची में Folder विकल्प को क्लिक कीजिए। इससे एक नया फोल्डर बन जाएगा, जिसके नीचे New Folder नाम लिखा हुआ होगा।
- इस नाम के स्थान पर फोल्डर का कोई भी नाम टाइप करके Enter दबाइए। इससे उसी नाम का फोल्डर बन जाएगा। इस विधि से आप डेस्कटॉप पर किसी भी नाम से फोल्डर बना सकते हैं।
किसी फोल्डर में नया फोल्डर बनाना Creating New Folder inside any Folder
आप पहले से बने हुए किसी भी फोल्डर में एक नया फोल्डर बना सकते हैं। इसके लिए जिन क्रियाओं को अपनाना होता है उनका विवरण अग्रपृष्ठ पर दिया गया है।
- सर्वप्रथम उस फोल्डर को खोल लीजिए, जिसमें आप नया फोल्डर बनाना चाहते हैं। इससे उस फोल्डर की विण्डो स्क्रीन पर खुल जाएगी। इस विण्डो के मेन्यू बार में Home विकल्प को क्लिक कीजिए। इससे Home का पुल-डाउन मेन्यू खुल जाएगा।
- इस पुल डाउन मेन्यू में New Item विकल्प पर माउस प्वॉइण्टर लाइए। इससे New Item विकल्प की मेन्यू सूची या सब-मेन्यू दिखाई देने लगेगा।
- इस मेन्यू सूची में Folder विकल्प को क्लिक कीजिए। ऐसा करते ही पुराने फोल्डर की विण्डो में एक नया आइकन बन जाएगा, जिसके नीचे 'New Folder' नाम दिखाई देगा।
- अब नए फोल्डर के लिए कोई नाम टाइप कीजिए तथा Enter कुंजी दबाइए। इससे उसी नाम का फोल्डर बन जाएगा। इस प्रकार आप किसी भी फोल्डर में कोई भी और कितने भी नए फोल्डर बना सकते हैं। आप किसी फोल्डर में नया फोल्डर बनाने के लिए डेस्कटॉप में नया फोल्डर बनाने की विधि का भी प्रयोग कर सकते हैं।
किसी फाइल या फोल्डर का नाम परिवर्तित करना Renaming any File or Folder
आप किसी भी फाइल या फोल्डर का नाम परिवर्तित करके कुछ भी रख सकते हैं, यदि उस नाम की कोई दूसरी फाइल या फोल्डर उस स्थान पर नहीं है। किसी फाइल या फोल्डर का नाम बदलने की विधि निम्न प्रकार है -
- जिस फाइल या फोल्डर का नाम आप परिवर्तित करना चाहते हैं, उसके आइकन को माउस के दाएँ बटन से क्लिक कीजिए। इससे उपरोक्त चित्र की भाँति एक पॉप-अप मेन्यू खुल जाएगा।
- इस पॉप-अप मेन्यू में Rename विकल्प को क्लिक कीजिए। इससे उस फाइल या फोल्डर का नाम चुना हुआ दिखाई देगा।
- उस फाइल या फोल्डर का नया नाम टाइप कीजिए और Enter कुंजी दबाइए। ऐसा करने से फाइल या फोल्डर का नाम बदल जाएगा और नया नाम दिखाई देने लगेगा।
किसी फाइल या फोल्डर को हटाना Deleting a File or Folder
आप किसी भी फाइल या फोल्डर को अपने कम्प्यूटर से डिलीट कर सकते हैं। इसकी विधि निम्न प्रकार है -
- उस फोल्डर को खोलिए, जिसमें वह फाइल या फोल्डर है, जिसे आप डिलीट करना चाहते हैं।
- उस फाइल या फोल्डर को क्लिक करके चुन लीजिए।
- File मेन्यू में Delete विकल्प चुनें या फोल्डर की विण्डो के स्टैण्डर्ड टूल बार में Delete बटन को क्लिक कीजिए। इससे आपको एक फाइल हटाने की पुष्टि का डायलॉग बॉक्स निम्न विण्डो की तरह दिखाई देगा।
- इस डायलॉग बॉक्स में Yes बटन को क्लिक कीजिए। इससे चुनी हुई फाइल या फोल्डर को डिलीट कर दिया जाएगा। जब कोई फाइल या फोल्डर किसी हार्ड डिस्क से हटाया जाता है, तो वह फाइल या फोल्डर उस फोल्डर से हटकर रिसाइकिल बिन (Recycle Bin) फोल्डर में चला जाता है। रिसाइकिल बिन से आप आवश्यकता होने पर उसे फिर से प्राप्त कर सकते हैं या हमेशा के लिए हटा सकते हैं।
किसी फाइल या फोल्डर को डेस्कटॉप पर ले जाना या कॉपी करना Moving or Copying a File or Folder to Desktop
आप किसी फाइल या फोल्डर को किसी फोल्डर से डेस्कटॉप पर भी ले जा सकते हैं या कॉपी कर सकते हैं, क्योंकि डेस्कटॉप भी एक फोल्डर है। हालाँकि इसकी विधि में कुछ अन्तर है। यह विधि निम्न प्रकार है -
- उस फोल्डर की विण्डो को खोल लीजिए, जिसमें वह फाइल या फोल्डर है, जिसे आप डेस्कटॉप पर ले जाना या कॉपी करना चाहते हैं।
- उस फाइल या फोल्डर के आइकन को क्लिक करके चुन लीजिए।
- मेन्यू बार में Edit मेन्यू के नाम को क्लिक कीजिए। इससे उसका पुल-डाउन मेन्यू खुल जाएगा।
- यदि आप फाइल या फोल्डर को मूव करना चाहते हैं, तो इस पुल-डाउन मेन्यू में Cut आदेश दीजिए और यदि कॉपी करना चाहते हैं, तो इस मेन्यू में Copy आदेश दीजिए।
- अब अपने डेस्कटॉप पर जाइए।
- डेस्कटॉप पर किसी रिक्त स्थान पर माउस का दायाँ बटन क्लिक कीजिए। इससे निम्न चित्र की भाँति एक पॉप-अप मेन्यू खुल जाएगा ।
- इस पॉप-अप मेन्यू में Paste आदेश दीजिए। इससे उस फाइल या फोल्डर का आइकन डेस्कटॉप पर दिखाई देने लगेगा।
शॉर्टकट्स बनाना Creating Shortcuts
शॉर्टकट्स का प्रयोग ऐसे डॉक्युमेण्ट्स और प्रोग्रामों तक शीघ्र पहुँचने के लिए किया जाता है, जिनका आप बार-बार उपयोग करते हैं। आप अपने किसी भी प्रोग्राम, डॉक्युमेण्ट, प्रिण्टर, डिस्क ड्राइव और दूसरे कम्प्यूटर के लिए भी अपने डेस्कटॉप पर या किसी भी फोल्डर में शॉर्टकट बना सकते है। ऐसा करने के बाद जब भी आपको उस ऑब्जेक्ट (Object) की आवश्यकता होगी, आप उसके शॉर्टकट को डबल क्लिक करके तुरन्त उस प्रोग्राम तक पहुँच सकते हैं।
किसी फाइल या प्रोग्राम या फोल्डर का शॉर्टकट बनाना बहुत सरल है। इसके लिए निम्नलिखित क्रियाएँ होती हैं।
- उस फोल्डर की विण्डो को खोल लीजिए, जिसमें वह फाइल या फोल्डर है, जिसका शॉर्टकट आप डेस्कटॉप पर बनाना चाहते हैं।
- उस फाइल या फोल्डर के आइकन को माउस से दायाँ क्लिक कीजिए। इससे आपकी स्क्रीन पर पॉप-अप मेन्यू खुल जाएगा।
- इस पॉप-अप मेन्यू में Create Shortcut विकल्प चुने। इससे उस फाइल या फोल्डर का एक शॉर्टकट उसी फोल्डर में बन जाएगा।



