कम्प्यूटर के लाभ (ADVANTAGES OF COMPUTERS)
1.गति (Speed) -
कम्प्यूटर की कार्य करने की गति बहुत अधिक है। वह जटिल से जटिल गणनाएं कुछ सैकण्डों में हल कर देता है। एक पर्सनल कम्प्यूटर अंकगणित की अरबों गणनाएं एक सैकण्ड में ही कर सकता है। किसी कम्प्यूटर की गति को MIPS (Million Instruction Per Second) में मापते हैं।
2. विश्वसनीयता (Reliability)-
कम्प्यूटर शत-प्रतिशत परिणाम देने वाली मशीन है। कम्प्यूटर केवल उन निर्देशों पर ही गणना करता है जो कि उसे प्रदान की गई है यदि उसे सही निर्देश दिए गए हैं तो परिणाम शत प्रतिशत सही होगा किन्तु यदि निर्देश सही नहीं है तो परिणाम सही नहीं मिलेंगे। यह सिद्धान्त GIGO (Garbage In Garbage Out) के नाम से जाना जाता है।
3. विविधता (Versatility) -
कम्प्यूटर एक ऐसी मशीन है जो विविध समस्याओं का समाधान करने में सक्षम है। कम्प्यूटर का उपयोग विभिन्न क्षेत्रों में किया जाता है जबकि कोई अन्य मशीन सीमित क्षेत्रों में ही कार्य करती है। सभी क्षेत्रों में काम आने वाले कम्प्यूटरों का आन्तरिक परिपथ (Circuit) लगभग समान होता है किन्तु इनमें काम में लिए जाने वाले सॉफ्टवेयरों में भिन्नता होती है।
4. सूचनाओं की पुनः प्राप्ति (Information Retrieval)-
कम्प्यूटर में विशेषता होती है कि इसकी मेमोरी में एक बार सूचना संग्रहित हो जाती है तो वह ना तो कभी खोती है और ना ही भूली जाती है।
5. एकरूपता (Consistency)-
कम्प्यूटर कभी भी काम से थकता नहीं है सदैव एक सी सजगता से कार्य करता है अर्थात् उसके कार्य में सदैव एकरूपता रहती है। अतः वह कार्य जिनमें बार-बार दोहराव (Repetition) होता है उन्हें भी वह सजगतापूर्वक करता रहता है।
6. उच्चस्तरीय उत्पाद (High Quality Product)-
कम्प्यूटर उत्पादों की गुणवत्ता को बढ़ाता है व कार्यशैली में भी विकास करता है। उदाहरणतया - A.T.M. बैंकिंग में किसी स्थान का पैसा कहीं भी दूसरी शाखा से निकाला जा सकता है जिससे बैंकिंग का कार्य सुविधाजनक एवं तीव्र गति से सम्पन्न हो जाता है।
7. उत्पादकता में वृद्धि (Productivity Increases) -
कम्प्यूटर के उत्पादों से एक निश्चित समय में अधिक संख्या में उत्पाद प्राप्त किए जा सकते हैं। कम्प्यूटर के उपयोग से उत्पादकता बढ़ती है।
8. मनोरंजन का साधन ( Entertainment Tool)-
कम्प्यूटर मनोरंजन का एक उपयुक्त यन्त्र है। इसमें बच्चे खेल, खेल सकते हैं। इस पर संगीत का चलचित्र का, दूरदर्शन आदि का आनन्द उठाया जा सकता है।
9. शिक्षा में लाभ (Educational Benefits)-
कम्प्यूटर में कई ऐसे प्रोग्राम उपलब्ध है जिनके द्वारा छात्र अपने विभिन्न विषयों का अध्ययन कर सकते हैं। इस प्रकार के विशेष प्रोग्रामों को ट्यूटर प्रोग्राम (Tutor Program) कहा जाता है। यह प्रोग्राम विषय सामग्री को सरल व स्वयं समझने योग्य रूप में प्रस्तुत करते हैं।
10. अपंगों के लिए सहायक (Aid to Handicapped)-
वर्तमान में कम्प्यूटर की सहायता से अपंग लोग अपनी जीविका चला रहे हैं। उदाहरणतया यदि कोई व्यक्ति बोलने में असमर्थ है तो वह कम्प्यूटर से कार्य करके अथवा कम्प्यूटर पर टाइपिंग या अन्य कार्य कर अपनी जीविका चला सकता है। अतः यह शारीरिक रूप से अपंग लोगों के लिए एक सहायक यंत्र है।
11. रोजगार के अवसर (Better Employment) -
कम्प्यूटर के द्वारा राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय क्षेत्र में रोजगारों की संख्या बहुत बढ़ गई है। कम्प्यूटर के द्वारा व्यवसाय में, प्रकाशन में, शिक्षा में, बैंकों आदि में रोजगार के अवसर बढ़ गए है।
