विण्डोज किसी पर्सनल कम्प्यूटर (PC) के लिए माइक्रोसॉफ्ट कम्पनी के द्वारा विकसित सर्वाधिक प्रयोग किए जाने वाला ऑपरेटिंग सिस्टम है। आरम्भ में आए विण्डोज के सभी संस्करण एप्लीकेशन पैकेज थे जिन्हें क्रियान्वित होने के लिए डिस्क ऑपरेटिंग सिस्टम की आवश्यकता थी। जैसे- विण्डोज 3.0, GUI (Graphical User Interface) पर आधारित एक एप्लीकेशन प्रोग्राम था जिसे क्रियान्वित करने के लिए DOS की आवश्यकता थी।
माइक्रोसॉफ्ट ने विण्डोज 3.0 के बाद 1995 में विण्डोज को एक संपूर्ण ऑपरेटिंग सिस्टम के रूप में विकसित किया और इसका नाम उन्होंने विण्डोज 95 रखा। इसके बाद यूजर की आवश्यकताओं को देखते हुए 1998 में विण्डोज 98 का नया संस्करण बाजार में आया समय की आवश्यकतानुसार इसमें अलग-अलग परिवर्तन किए गए और विण्डोज 2000, विण्डोज XP, विण्डोज विस्टा, विण्डोज 7 एवं विण्डोज 8, बाजार में आए।
माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स तथा पॉल एलेन हैं। विश्व के लगभग 90% पर्सनल कम्प्यूटर में माइक्रोसॉफ्ट विण्डोज़ ऑपरेटिंग सिस्टम उपयोग हो रहा है। यह Graphical User Interface (GUI), मल्टी-टास्किंग, वर्चुअल मैमोरी की सुविधा देता है।
विण्डोज की विशेषताएं (FEATURES / CHARACTERISTICS OF WINDOWS)
- GUI (Graphical User Interface) - विण्डोज एक GUI पद्धति पर आधारित ऑपरेटिंग सिस्टम है। इसमें DOS की तरह की-बोर्ड से कमाण्ड टाइप नहीं किए जाते। इसमें स्क्रीन पर चित्रित इकाइयां होती है जिन्हें आइकन कहते हैं। जिनको प्वॉइन्टर की सहायता से चुना जाता है। GUI की मुख्य विशेषता है कि यह WYSWYG (What You See What You Get) सिद्धान्त पर आधारित है। इससे तात्पर्य है कि हम जो स्क्रीन पर देखते हैं, उस कार्य को एक क्लिक द्वारा आसानी से कर सकते हैं।
- मल्टीटास्किंग (Multitasking) - यह एक ऐसा ऑपरेटिंग सिस्टम है जिसमें हम एक समय में एक से अधिक प्रोग्रामों का क्रियान्वयन में (Execution) कर सकते हैं। प्रत्येक प्रोग्राम एक आयताकार क्षेत्र में प्रदर्शित होता हैं जिन्हें विण्डोज कहा जाता है।
- माउस का प्रयोग (Use of Mouse)- इसमें माउस का प्रयोग किया जाता हैं जो नये यूजर को अत्यधिक सरलता प्रदान करता है।
- एप्लीकेशन सॉफ्टवेयरों के मध्य सूचना का आदान-प्रदान (Interaction Between Different Application Software) - विण्डोज में न केवल हम एक समय में एक से अधिक एप्लीकेशन पर कार्य कर सकते हैं बल्कि उस एप्लीकेशन के मध्य आसानी से सूचना का आदान-प्रदान कर सकते हैं।
- संचार उपकरण (Communication Tool) - विण्डोज का इंटरनेट में बहुत महत्त्वपूर्ण योगदान है, इंटरनेट से कनेक्ट होने के लिए विण्डोज ऑपरेटिंग सिस्टम का होना आवश्यक है।
