Computer Operator And Programming Assistant

Database

विण्डो की संरचना ( Structure of Window )

कोई विण्डो किसी कम्प्यूटर की वीडीयू अथवा स्क्रीन का एक आयताकार (Rectangular) भाग होता है, जिसमें कोई प्रोग्राम अपनी सूचनाएँ प्रदर्शित करता है। निम्न विण्डो में एक साधारण विण्डो दिखाई गई है, जिसके कई तत्वों को नाम से संकेत किया गया है। ये तत्व अधिकांश विण्डोज़ में समान रूप से होते हैं। इन भागों का संक्षिप्त परिचय निम्नलिखित है।
 

टाइटल बार Title Bar

विण्डो के सबसे ऊपरी भाग की पट्टी को ही टाइटल बार कहते हैं। प्रत्येक विण्डो का एक विशेष नाम होता है, जो इस बार में दिखाया जाता है। कभी-कभी किसी प्रोग्राम की विण्डो के टाइटल बार में उस डॉक्युमेण्ट (या फाइल) का नाम भी दिया होता है, जिस पर कार्य किया जा रहा है। किसी समय आपके कम्प्यूटर की स्क्रीन पर कई विण्डोज़ खुली हो सकती हैं, लेकिन एक समय में उनमें से केवल एक विण्डो सक्रिय (Active) होती है। सक्रिय विण्डो के टाइटल बार का रंग अथवा तीव्रता (Intensity) दूसरी विण्डो के टाइटल बार के रंग अथवा तीव्रता से अधिक होती है। कण्ट्रोल बटन्स Control Buttons अधिकतर विण्डो के टाइटल बार में दाएँ भाग पर तीन कण्ट्रोल बटन्स होते हैं, जिनके नाम क्रमश: मिनिमाइज (Minimize), मैक्सिमाइज़ / रीस्टोर (Maximize/Restore) तथा क्लोज़ (Close) बटन्स होते हैं। ये बटन्स प्रायः इसी क्रम में होते हैं।

मिनिमाइज़ बटन पर एक छोटी रेखा या अण्डरस्कोर (-) बना होता है। इस बटन को क्लिक करने से विण्डो अस्थायी रूप से बन्द होकर टास्कबार में एक बटन के रूप में बदल जाती है। आप इस बटन को क्लिक करके विण्डो को उसके पूर्व आकार में ला सकते हैं। कोई प्रोग्राम टास्कबार में बटन के रूप में आ जाने पर भी चलता रहता है (अर्थात् रुकता नहीं है), लेकिन उसकी विण्डो खुली नहीं होती।

मैक्सिमाइज़ बटन पर एक छोटा वर्ग ( [] ) बना होता है। इस बटन को क्लिक करने से विण्डो पूरी स्क्रीन के बराबर हो जाती है और मैक्सिमाइज़ बटन रीस्टोर (Restore) बटन के रूप में बदल जाता है, जिस पर छोटे आयत का एक जोड़ा बना होता है। यदि आप रीस्टोर बटन को क्लिक करते हैं, तो विण्डो अपने पुराने आकार में आ जाती है और वह बटन फिर से मैक्सिमाइज़ बटन बन जाता है। क्लोज़ बटन पर एक क्रॉस (x) बना रहता है। इस बटन को क्लिक करने से वह विण्डो बन्द हो जाती है।

मेन्यू बार Menu Bar

मेन्यू बार विकल्पों की एक सूची होती है, जिनमें से आवश्यकतानुसार कोई एक विकल्प चुना जाता है। प्रत्येक विकल्प सामान्यतः किसी क्रिया (Operation) या सेटिंग (Setting) को व्यक्त करता है। सामान्यतया मेन्यू एक विमीय (One Dimensional) होता है, जिसमें सभी विकल्प एक ही लाइन में ऊपर से नीचे दिए होते हैं। विकल्पों की संख्या अधिक होने पर उनको समूहों में बाँट दिया जाता है और प्रत्येक समूह का एक विशेष नाम रखा जाता है, जिससे वे विकल्प सम्बन्धित होते हैं। इन समूहों को अंकित करने के लिए विण्डो में ऊपर एक क्षैतिज बार होता है, जिसे मेन्यू बार कहा जाता है। मेन्यू बार में सभी मेन्यू समूहों के नाम दिए होते हैं। मेन्यू बार में किसी मेन्यू के नाम को क्लिक करने पर वह मेन्यू नीचे की ओर खुल जाता है। ऐसे मेन्यू को पुल-डाउन मेन्यू (Pull-Down Menu) भी कहा जाता है।


टूल बार Tool Bar

अधिकांश विण्डोज़ आधारित प्रोग्रामों में टूलबार की सुविधा होती है। किसी विण्डो में एक-से-अधिक टूल बार भी हो सकते हैं। टूल बार कुछ बटनों का एक संग्रह होता है, जिनमें से प्रत्येक के द्वारा कोई विशेष कार्य किया जाता है। इन बटनों को टूल भी कहा जाता है। किसी बटन या टूल को क्लिक करने पर उससे सम्बन्धित आदेश या क्रिया प्रारम्भ हो जाती है। उदाहरण, प्रिण्टर के आइकन चिह्न को क्लिक करने पर सम्बन्धित डॉक्युमेण्ट प्रिण्टर के द्वारा प्रिण्ट कर दिया जाता है।


स्क्रॉल बार Scroll Bar

सामान्यतः प्रत्येक विण्डो में दो स्क्रॉल बार होते हैं। ये उस विण्डो में दिखाए जा रहे कण्टेण्ट को पूरा देखने में सहायक होते हैं। विण्डो का आकार सीमित होने के कारण उसमें सभी कन्टेन्ट पूरे दिखाई नहीं देते हैं इसलिए एक समय में उस कन्टेन्ट का एक भाग ही दिखाई देता है। स्क्रॉल बार की सहायता से हम छिपे हुए कन्टेन्ट को भी उस विण्डो में देख सकते हैं। स्क्रॉल बार दो हो सकते हैं- ऊर्ध्वाधर (Vertical) तथा क्षैतिज (Horizontal) । ऊर्ध्वाधर स्क्रॉल बार का प्रयोग कन्टेन्ट में ऊपर या नीचे जाने के लिए किया जाता है। इसी प्रकार क्षैतिज स्क्रॉल बार का प्रयोग कन्टेन्ट में दाएँ या बाएँ जाने के लिए किया जाता है। स्क्रॉल बार सामान्यतया विण्डो के क्रमश: दाएँ तथा निचले भाग पर होते हैं।


स्टेटस बार Status Bar

स्टेटस बार प्राय: विण्डो के सबसे नीचे की पट्टी के रूप में होता है। इस बार में उस विण्डो अथवा उसमें खुले हुए किसी डॉक्युमेण्ट के बारे में नवीनतम सूचना या स्थिति प्रदर्शित की जाती है।

| Privacy Policy