आकार एवं क्षमता के आधार पर (ACCORDING TO SIZE AND CAPACITY)
1. माइक्रो कम्प्यूटर (Micro Computer)
ये आकार में छोटे एवं कम कीमत के कम्प्यूटर होते हैं। ये उपयोग करने में आसान होते हैं व उपयोगकर्ता के लिए मित्रवत् (User-friendly) होते हैं। इस प्रकार के कम्प्यूटर की संग्रहण क्षमता (Memory Capacity) तथा कार्य करने की गति (Processing Speed) अपेक्षाकृत कम होती है। इन पर एक समय में एक ही व्यक्ति कार्य कर सकता है इसलिए इन्हें पर्सनल कम्प्यूटर (Personal Computer) भी कहते हैं।इन कम्प्यूटरों में माइक्रोप्रोसेसर चिप (Microprocessor Chip) का प्रयोग किया जाता है। माइक्रोप्रोसेसर चिप (Microprocessor Chip) वास्तव में एक पूरी सी.पी.यू. (C.P.U.) होती है जो एक छोटी सी चिप पर समा जाती है। इन कम्प्यूटरों का आकार इतना छोटा होता है कि एक मेज पर आसानी से रखे जा सकते हैं। माइक्रो कम्प्यूटर घरों में, दफ्तरों में व विद्यालय की कक्षाओं में लगाए जाते हैं।
PC (Personal Computer) को निम्न भागों में बांटा गया है-
1. डेस्कटॉप कम्प्यूटर
2. लैपटॉप कम्प्यूटर
3. पॉमटॉप कम्प्यूटर
4. टेबलेट कम्प्यूटर
1. डेस्कटॉप कम्प्यूटर (Desktop Computer)- डेस्कटॉप कम्प्यूटर वे कम्प्यूटर होते है जिन्हें टेबल पर रखकर चलाया जाता है।
2. लैपटॉप/नोटबुक कम्प्यूटर (Laptop/Notebook Computer)- इन कम्प्यूटरों का आकार डेस्कटॉप कम्प्यूटरों की तुलना में छोटा होता है। इन कम्प्यूटरों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक आसानी से ले जाया जा सकता है। इनमें पावर के लिए बैटरी का प्रयोग होता है।
3. पॉमटॉप कम्प्यूटर (Palmtop Computer) - यह कम्प्यूटर लैपटॉप कम्प्यूटर से भी छोटा होता है। इसे हथेली में रखकर चलाया जाता है। इनकी कार्य करने की क्षमता लैपटॉप से थोड़ी कम होती है।
4. टेबलेट कम्प्यूटर (Tablet Computer) - ये बहुत ही छोटे कम्प्यूटर होते हैं। ये मोबाइल से थोड़े बड़े होते हैं। यह कम्प्यूटर टचस्क्रीन होता है।
2. मिनी कम्प्यूटर Mini Computers
ये आकार में माइक्रो कम्प्यूटर से कुछ बड़े और क्षमता में बहुत अधिक होते हैं। इनकी मुख्य मैमोरी का आकार 64 मेगाबाइट से लेकर 512 मेगाबाइट या अधिक भी हो सकता है। इन पर एक साथ कई लोग कार्य कर सकते हैं और एक साथ कितने भी प्रोग्राम चल सकते हैं। इन कम्प्यूटरों में विशेष आवश्यकता के अनुसार डिस्क ड्राइव, लाइन पिण्टर आदि अलग से जोड़े जा सकते हैं। इनका मूल्य साधारण तौर पर बड़ी कम्पनियों द्वारा वहन करने योग्य होता है।मुख्य विशेषताएँ Main Features
1. इनकी प्रोसेसिंग की गति माइक्रो कम्प्यूटरों से अधिक होती है।
2. इन पर एक बार में एक से अधिक उपयोगकर्ता कार्य कर सकते है।
3. इनमें भण्डारण क्षमता माइक्रो कम्प्यूटरों की तुलना में अधिक होती है।
4. इनका उपयोग शोध कार्यों, विद्यालयों और इन्जीनियरिंग के कार्यों में किया जाता है।
5. इनमें इनपुट-आउटपुट के साधनों की उपलब्धता अधिक होती है।
3. मेनफ्रेम कम्प्यूटर Mainframe Computers
ये आकार में मिनी कम्प्यूटर से काफी बड़े और क्षमता में भी बहुत अधिक होते हैं। इनकी मुख्य मैमोरी का आकार 256 मेगाबाइट से लेकर 22 गीगाबाइट तक होता है। इन पर एक साथ सैकड़ों व्यक्ति कार्य कर सकते हैं। इन कम्प्यूटरों के लिए एयरकण्डीशनिंग करना अनिवार्य होता है, ताकि तापमान 20°C से 25°C तक बना रहे। इनमें ऑन-लाइन डाटा स्टोरेज की विशेष सुविधा होती है। इन कम्प्यूटरों का मूल्य बहुत अधिक होता है। मेनफ्रेम कम्प्यूटरों का उपयोग एयरलाइनों में टिकट बुकिंग, प्रसारण, विज्ञापन, विक्रय केन्द्रीकृत वेतन-गणना प्रणाली, उत्पादन नियोजन एवं नियन्त्रण आदि महत्त्वपूर्ण कार्यों में किया जाता है।मुख्य विशेषताएँ Main Features
1. ये धूल तापमान आदि के मामले में बहुत संवेदनशील होते हैं।
2. इनके साथ अनेक प्रकार के बाह्य साधन जोड़े जा सकते हैं।
3. इनमें भण्डारण क्षमता बहुत अधिक होती है।
4. इनमें अनेक प्रकार के सॉफ्टवेयर का प्रयोग किया जा सकता है।
5. इन कम्प्यूटरों को सैटेलाइट के माध्यम से जोड़कर एक देशव्यापी या विश्वव्यापी नेटवर्क बनाया जा सकता है।
6. इन पर एक साथ सैकड़ों उपयोगकर्ता कार्य कर सकते हैं।
7. इनकी प्रोसेसिंग की गति पुराने कम्प्यूटरों को तुलना में बहुत अधिक होती है।
4. सुपर कम्प्यूटर Super Computers
ये कम्प्यूटर आकार में विराट और गति में मेनफ्रेम कम्प्यूटरों से भी सैकड़ों-हजारों गुना तेज होते हैं। इनमें समान्तर प्रोसेसिंग (parallel processing) की क्षमता होती है, जिसमें कोई गणना अलग-अलग चरणों में करने के बजाय इस प्रकार एक साथ की जाती है कि जल्दी पूर्ण हो जाए। ये ऐसे कार्यों में प्रयोग किए जाते हैं, जिनमें लम्बी-लम्बी और जटिल गणनाएँ करनी पड़ती है, जैसे-मौसम अनुमान, अन्तरिक्ष यान, उपग्रह प्रक्षेपण, मिसाइल निर्माण, परमाणु विस्फोट आदि। इनकी कीमत भी कई करोड़ रुपयों में होती है।सुपर कम्प्यूटर बनाने वाली प्रमुख कम्पनियों के नाम है-के रिसर्च (CRAY Research), आई.टो.ए. सिस्टम्स (I.T.A. Systems), हिताच (Hitachi), एन. ई.सी. (N.E.C.) आदि। इनके द्वारा बनाए गए कुछ प्रमुख सुपर कम्प्यूटर CRAY I CRAY 2, CRAY X-MP. CRAY IT.A. आदि है। भारत में भी परम 1000 तथा CRAY-XMP 14 नामक पूर्णतः स्वदेशी सुपर कम्प्यूटर बनाए गए है।
मुख्य विशेषताएँ Main Features
1 ये कम्प्यूटर आकार में बहुत बड़े होते हैं और इनकी प्रोसेसिंग स्पीड बहुत अधिक होती है।
2. ये दुनिया में सबसे महँगे और खर्चीले कम्प्यूटर है।
3. ये कम्प्यूटर विराट वैज्ञानिक गणनाएँ करने में समर्थ हैं।
4. इन कम्प्यूटरों द्वारा सेकण्ड में 10 से 100 अरब गणनाएँ की जा सकती हैं।
5. इन पर एक साथ हजारों उपयोगकर्ता कार्य कर सकते हैं।



